रांची - बुंडू थाना क्षेत्र के माझिटोली पगला बाबा रोड में सोमवार की सुबह पेड़ से लटकता हुआ युवक और युवती का शव बरामद किया गया। सबसे पहले स्थानीय ग्रामीणों ने शव को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की जांच में जुट गई है।
स्थानीय ग्रामीणों को शक है कि इनकी हत्या कहीं और कर यहां पेड़ पर लटका दिया है। शक यह भी जताई जा रही है कि दोनों युवक और युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस दोनों बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल दोनों शवों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से इस संबंध में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।











