(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - होली और रमजान पर्व को लेकर सेक्टर 4 थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी संजय कुमार ने की। इस दौरान थाना प्रभारी ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग शांति, भाईचारे और सौहार्द के माहौल में अपने-अपने पर्व मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं बैठक के दौरान थाना परिसर में फलदार वृक्षों के पौधे भी लगाए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा सके। इस अवसर पर शांति समिति के सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और आपसी एकता का संदेश दिया। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।











