(निशिकांत मिस्त्री, संवाददाता, जामताड़ा)
जामताड़ा - जामताड़ा सदर अस्पताल से एक सुखद और आश्चर्यजनक मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। जन्मे नवजातों में दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। खास बात यह है कि यह पूरा प्रसव सामान्य (नॉर्मल डिलीवरी) के माध्यम से हुआ, जो चिकित्सकीय दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रसूता आरती कुमारी तुरी पंजनिया गांव की निवासी हैं, उनके पति का नाम राजेश मिर्धा है। प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजनों द्वारा उन्हें सदर अस्पताल लाया गया, जहां सोमवार सुबह तीनों बच्चों को जन्म हुआ। डॉक्टरों ने बताया कि सबसे पहले बेटी और उसके बाद दोनों बेटों का जन्म हुआ। फिलहाल प्रसूता की स्थिति स्थिर बनी हुई है और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। वहीं, तीनों नवजातों का वजन सामान्य से कम होने के कारण उन्हें भी विशेष देखरेख में रखा गया है। अस्पताल प्रबंधन ने इसे एक सफल और चुनौतीपूर्ण प्रसव बताया है।











