पाकुड़ - पाकुड़–बड़हरवा रेलखंड पर शनिवार देर रात रेलवे सुरक्षा को चुनौती देने वाली एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। बताया गया कि तिलभीटा–कुमारपुर रेलवे फाटक के समीप पोल संख्या 156/12 के पास डाउन ट्रैक पर करीब चार से पांच फीट लंबा भारी लोहा रख दिया गया। यह हरकत न केवल रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की श्रेणी में आती है, बल्कि सैकड़ों-हजारों यात्रियों की जान जोखिम में डालने की साजिश भी मानी जा रही है। संयोगवश उक्त ट्रैक से गुजर रही ट्रेन यात्री नहीं, बल्कि एक मालगाड़ी थी। मालगाड़ी के लोको पायलट ने पटरी पर असामान्य स्थिति को समय रहते भांप लिया और संभावित दुर्घटना टल गई। यदि उसी समय कोई एक्सप्रेस ट्रेन वहां पहुंच जाती, तो परिणाम भयावह हो सकते थे।
इस घटना ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं सूचना मिलते ही देर रात रामपुरहाट के एसी और एईएम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल किसी ठोस सुराग की पुष्टि नहीं हो सकी है। रेलवे पुलिस ने पीडब्ल्यूआई उज्ज्वल कुमार के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया है।









