रिपोर्ट - चंदन कुमार
समस्तीपुर। जिले के पूसा प्रखंड में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कामेश्वर प्रसाद गुप्ता द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में विद्यालयों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निरीक्षण के दौरान प्रखंड संसाधन केंद्र सहित कुल पांच विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था, अनुशासन और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में व्यापक अनियमितताएं पाई गईं।
मिड डे मील, कक्षा संचालन और अभिलेखों में भारी लापरवाही
जांच में सामने आया कि कई विद्यालयों में मध्याह्न भोजन बिना हरी सब्जी के पकाया जा रहा था। इसके अलावा कक्षाएं समय पर संचालित नहीं हो रही थीं और शैक्षणिक अभिलेखों का रखरखाव भी असंतोषजनक मिला।
इन गंभीर लापरवाहियों को देखते हुए डीईओ ने 11 प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों से स्पष्टीकरण की मांग की है। साथ ही दोषी कर्मियों के विरुद्ध वेतन स्थगन की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
डीईओ का सख्त संदेश
डीईओ कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि
“विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और सरकारी योजनाओं के सही क्रियान्वयन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
कहां-कहां क्या गड़बड़ी मिली
- पूसा प्रखंड संसाधन केंद्र: आगत पंजी का रखरखाव निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।
- उत्क्रमित मध्य विद्यालय चंदौली डोरापार: चेतना सत्र निर्धारित समय से विलंब से संचालित किया गया, प्रधानाध्यापक से जवाब तलब।
- जनता उच्च विद्यालय अख्तियारपुर चंदौली: प्रभार हस्तांतरण नहीं होने से महत्वपूर्ण अभिलेख उपलब्ध नहीं हो सके। 24 में से 20 शिक्षक उपस्थित थे, लेकिन किसी ने भी अद्यतन पाठ टीका प्रस्तुत नहीं किया।
- उत्क्रमित मध्य विद्यालय चकहाजी: मिड डे मील में खिचड़ी बिना हरी सब्जी के बनाई गई। चुनाव कार्य समाप्त होने के बावजूद एक शिक्षक को बीएलओ दर्शाया गया। वेतन स्थगन की कार्रवाई शुरू।
- मध्य विद्यालय भुसकोल: मिड डे मील निर्धारित समय से काफी देर से परोसा गया।
- उच्च माध्यमिक विद्यालय भुसकौल: स्मार्ट क्लास का टीवी कक्षा के बजाय प्रधानाध्यापक कार्यालय में पाया गया। पाठ टीका प्रस्तुत न करने पर डीईओ ने नाराजगी जताई।
कार्रवाई जारी रहने के संकेत
डीईओ ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।









