(मो० काजीरुल शेख, संवाददाता, पाकुड़)
पाकुड़ - डीजीएमएस सेंट्रल जोन, धनबाद के निर्देशानुसार पचवारा सेंट्रल कोल ब्लॉक ओसीपी में 12 जनवरी से 24 जनवरी तक तृतीय वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा–2025 का आयोजन किया गया है। इसके तहत शनिवार 17 जनवरी को अमरापाड़ा प्रखंड के आलूबेड़ा स्थित डीबीएल–पीएसपीसीएल के कैंप कार्यालय परिसर में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीजीएमएस सेंट्रल जोन धनबाद के महानिदेशक मिथिलेश कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा झंडोत्तोलन के साथ की गई। इस अवसर पर आलूबेड़ा गांव स्थित चाइल्ड डेवलपमेंट पब्लिक स्कूल के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने संताली एवं हिंदी भाषा में स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत किया।
इस दौरान मुख्य अतिथि डीजीएमएस मिथिलेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि “खान क्षेत्र में कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह न केवल अपनी बल्कि अपने सहकर्मियों की सुरक्षा को भी सर्वोपरि रखे। सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन ही दुर्घटनाओं को रोकने का एकमात्र उपाय है।” मौके पर उन्होंने खान संचालन से जुड़ी कई बारीक सुरक्षा जानकारियां भी साझा की।
इस अवसर पर पीएसपीसीएल के एजेंट राकेश कुमार सिंह, डीबीएल के प्रोजेक्ट हेड बृजेश कुमार, माइंस मैनेजर बी.के. दिवाकर, सिविल इंजीनियर राकेश चौरसिया, निर्पेंद्र सिंह, पीआर कंपनी के पीएम श्रीनिवास रेड्डी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।









